नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। रोहतास जिले के तिलौथू प्रखंड अंतर्गत राकियान सरैया गांव के प्रतिभाशाली छात्र हंसराज ने कक्षा 6 की सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 2026 में 300 में से 294 अंक प्राप्त कर बिहार में पहला रैंक प्राप्त कर बिहार टॉपर बना है। वही पुरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया। हंसराज कि यह सफलता ने सिर्फ अपने परिवार नहीं बल्कि पूरे बिहार का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि इसलिए और भी खास है क्योंकि प्रतियोगिता देशभर के लाखों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के बीच होती है, जहां चयन पाना ही बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
हंसराज का चयन प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल नालंदा मे हुआ है। सैनिक स्कूल देश की उन प्रमुख संस्थाओं में गिना जाता हैं जहाँ विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना से ओत-प्रोत कर भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का मार्ग प्रशस्त किया जाता है। औरंगाबाद स्थित आवासीय ज्ञान प्रतियोगिता निकेतन ने भी इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संस्था के मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत ने हंसराज को इस मुकाम तक पहुंचाया।
हंसराज के पिता राजेश कुमार सिंह एक साधारण किसान हैं और माता चिंता देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने पुत्र को बेहतर शिक्षा और संस्कार दिए। परिवार के चाचा गणेश सिंह, जो एसएसबी में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, ने भी प्रेरणा और मार्गदर्शन प्रदान किया। गांव की मिट्टी में पले-बढ़े इस बालक ने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, संकल्प मजबूत हो और परिश्रम ईमानदार हो, तो संसाधनों की कमी भी सफलता की राह नहीं रोक सकती।
राकियान बिगहा, सरैया गांव सहित पुरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है। तिलौथू प्रखंड के लिए यह गौरव का क्षण है, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण प्रतिभाएं अवसर मिलने पर राष्ट्रीय मंच पर परचम लहरा सकती हैं। हंसराज की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का दीपक है। उनका सपना भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है।