नवबिहार टाइम्स संवाददाता
बारुण (औरंगाबाद)। जवाहर नवोदय विद्यालय, बारुण की कक्षा 10वीं की छात्रा साक्षी सिंह को आज विद्यालय की प्रातःकालीन सभा में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साक्षी ने भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित “देखो अपना देश” कार्यक्रम के तहत “राज्य विषय पर ब्रॉशर निर्माण” प्रतियोगिता में अखिल भारतीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए पर्यटन मंत्रालय की ओर से साक्षी सिंह को स्कूल बैग, टी-शर्ट, नोटबुक, की-रिंग, टी-कोस्टर, प्रमाण पत्र, सिल्वर मेडल एवं 7000 की नगद राशि प्रदान की गई।
विद्यालय के प्राचार्य रवींद्र कुमार सिंह एवं शिक्षकों ने साक्षी की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर आयोजित सभा में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने तालियों की गूंज से साक्षी का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय परिवार ने इसे गर्व का क्षण बताते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी ऐसे रचनात्मक एवं राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
साक्षी सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य रवींद्र कुमार सिंह एवं कला शिक्षक गणेश प्रसाद को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही यह उपलब्धि संभव हो पाई।