नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज के बी.एड. प्रशिक्षुओं का चार सप्ताह का इंटर्नशिप कार्यक्रम विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को विद्यालयी वातावरण में वास्तविक शिक्षण अनुभव प्रदान करना तथा उनके शिक्षण कौशल का व्यावहारिक विकास करना है।
इंटर्नशिप के तहत प्रशिक्षुओं को विभिन्न विद्यालयों में भेजा गया है, जहां वे कक्षा शिक्षण, पाठ योजना निर्माण, कक्षा प्रबंधन, मूल्यांकन प्रक्रिया एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करेंगे। इस दौरान उन्हें अनुभवी शिक्षकों एवं सुपरवाइजरों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
टाउन इंटर स्कूल में छोटेलाल यादव, अनुग्रह इंटर विद्यालय में संतोष कुमार तिवारी, अनुग्रह कन्या उच्च विद्यालय में डॉ. किरण कुमारी, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय अकौना में कौशल किशोर कुमार तथा किशोरी सिंह उच्च विद्यालय में सुनीता कुमारी एवं डॉ. अभय को सुपरवाइजर के रूप में नियुक्त किया गया है।
बी.एड. विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि यह इंटर्नशिप कार्यक्रम प्रशिक्षुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे वे एक कुशल एवं प्रभावी शिक्षक बनने की दिशा में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
वहीं कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुधीर कुमार मिश्रा ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रशिक्षुओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी है और उन्हें भविष्य में एक सक्षम शिक्षक बनने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को अनुशासन, समयपालन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।