नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटहन गांव में शुक्रवार सुबह हुई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक युवक ने हैवानियत की हद पार करते हुए अपने ही तीन भतीजा-भतीजियों की बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद खुद पर भी जानलेवा हमला कर लिया। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल है।
मासूमों की जिंदगी छीन ली
मृतकों की पहचान अनीश कुमार (10 वर्ष), आयुष कुमार (7 वर्ष) और अनुष्का कुमारी (5 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बच्चे घर के कमरे में खेल रहे थे, तभी उनके सगे चाचा अमन पाल (करीब 20 वर्ष) ने वारदात को अंजाम दिया। कुछ ही पलों में हंसते-खेलते घर में सन्नाटा पसरा गया।
सुनियोजित तरीके से वारदात
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी ने वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। घटना के समय उसने घर के अंदर तेज आवाज में स्पीकर चला दिया, ताकि बच्चों की आवाज बाहर न जा सके। इसके बाद उसने एक-एक कर तीनों बच्चों पर हमला किया।
खुद को भी किया गंभीर घायल
वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी हमला कर लिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। फिलहाल वह पुलिस निगरानी में इलाजरत है।
पिता मुंबई में, गांव में पसरा मातम
मृत बच्चों के पिता गुड्डू पाल मुंबई में काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वे गांव के लिए रवाना हो गए हैं। इधर, गांव में हर घर से रोने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पारिवारिक विवाद बना वजह?
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह को इस जघन्य हत्याकांड की वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी की शादी नहीं हुई थी और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। साथ ही संपत्ति को लेकर भी दोनों भाइयों के बीच तनाव की बातें सामने आ रही हैं।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
दाउदनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार दास ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ जारी है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा गया है।
इस निर्मम घटना ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। लोग स्तब्ध हैं कि आखिर कोई अपने ही खून के रिश्ते के साथ ऐसा कैसे कर सकता है।