जरूरतमंद लोगों के बीच किया गया कंबल वितरण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। भीषण ठंड को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी से जुड़े राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ मनीष पंकज मिश्रा द्वारा इस सप्ताह गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण का कार्य किया गया। कड़ाके की ठंड में जब सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है, ऐसे समय में डॉ. मनीष पंकज मिश्रा का यह मानवीय प्रयास समाज में सेवा और संवेदना की मिसाल बना है। कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग उपस्थित रहे।
डॉ. मिश्रा ने स्वयं अपने हाथों से लोगों को कंबल प्रदान कर उनका हालचाल जाना और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और ठंड के इस कठिन समय में गरीबों एवं बेसहारा लोगों की सहायता करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सोच केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना ही उसका मूल उद्देश्य है। उन्होंने आगे कहा कि जब तक समाज का हर वर्ग सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन नहीं जी पाएगा, तब तक ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे। कंबल पाकर जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर खुशी और राहत साफ दिखाई दी। लोगों ने डॉ. मिश्रा को दुआएँ दीं और उनके इस कार्य की सराहना की। यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, मानवता और सेवा भावना का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।
मौके पर प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता, संतोष ठाकुर, गोपाल प्रसाद यादव, दीपक पांडे, समाजसेवी पिंकू सिंह, हीरा यादव, महेश यादव, रामनाथ कुमार, बबलू गुप्ता, अभिषेक कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।