नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। आज झारखंड के जननायक, दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन हो गया जो झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन पर पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। बोकारो स्थित अपने आवास पर झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि 25 वर्षों के झारखंड में यह सबसे दुखद घटना है। झारखंड को अगर कोई वास्तविक नुकसान हुआ है तो वह गुरुजी के रूप में हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड के आदिवासी समाज को एक नई पहचान दिलाई। महाजनी शोषण के खिलाफ उनकी लड़ाई ऐतिहासिक रही है। झारखंड अलग राज्य आंदोलन में उनकी भूमिका को कोई नहीं भुला सकता। राजेश ठाकुर ने कहा कि गुरुजी सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि झारखंड के अभिभावक थे। उनके निधन से बेहद मर्माहत हूं। मैंने अपना मार्गदर्शक और अभिभावक खोया है।