शॉर्ट सर्किट से होने वाली आगजनी की घटनाओं की रोकथाम हेतु बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला अग्निशमन पदाधिकारी प्रभा कुमारी की अध्यक्षता में उत्सव भवन, कर्मा रोड स्थित सभा कक्ष में विद्युत अभियंताओं एवं अग्निशमन पदाधिकारियों के साथ बिजली की शॉर्ट सर्किट से होने वाली आगजनी की घटनाओं की रोकथाम हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में हाल के दिनों में बिजली की शॉर्ट सर्किट, अवैध विद्युत कनेक्शन, घटिया गुणवत्ता के एल्युमिनियम/कॉपर तार के उपयोग तथा ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड के कारण आग लगने की बढ़ती घटनाओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि एल्युमिनियम एवं कॉपर तार की नकली एवं घटिया गुणवत्ता के कारण आगजनी की घटनाओं की संभावना को देखते हुए अग्निशमन विभाग एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीम गठित कर विभिन्न बाजारों एवं दुकानों में सघन जांच एवं छापेमारी की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सघन शहरी बस्तियों, झुग्गी-झोपड़ियों तथा अधिक घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अवैध विद्युत वायरिंग, जर्जर तार, ओवरलोड ट्रांसफार्मर एवं असुरक्षित विद्युत कनेक्शनों की जांच कर चिन्हित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त आम नागरिकों को विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने, सुरक्षित एवं प्रमाणित विद्युत सामग्री के उपयोग को बढ़ावा देने तथा आगजनी की घटनाओं की सूचना त्वरित रूप से अग्निशमन विभाग को उपलब्ध कराने हेतु व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आग से संबंधित आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय एवं सूचना तंत्र को और सुदृढ़ किया जाए।
बैठक में सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी जयराम सिंह एवं लालकेश्वर प्रसाद, अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी, औरंगाबाद रामाकांत सिंह, अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी, दाउदनगर सोनाली कुमारी, सहायक अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी, दाउदनगर अभिषेक कुमार, सहायक विद्युत अभियंता, रफीगंज अशोक राज, कनीय अभियंता, औरंगाबाद विषवेन्द्र सिंह, कनीय अभियंता, वारूण अजीत कुमार राजन सहित सभी प्रखंडों के कनीय अभियंता उपस्थित रहे।