उज्ज्वल भविष्य के लिए किया गया प्रेरित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। दाउदनगर के दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, वीसीएसआरएम परिसर में कुशल युवा कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमाण पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले लगभग 120 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने युवाओं को कौशल विकास, कंप्यूटर शिक्षा और साइबर सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थानाध्यक्ष विकास कुमार एवं अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार उपस्थित रहे। इनके अलावा राष्ट्रीय इंटर स्कूल के शिक्षक उदय कुमार, कन्या इंटर स्कूल के शिक्षक सत्यम पांडेय तथा सतीश पाठक समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि थानाध्यक्ष विकास कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास भी अत्यंत आवश्यक है। युवाओं को तकनीकी ज्ञान और कंप्यूटर शिक्षा के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना चाहिए, ताकि वे डिजिटल युग में सुरक्षित रहते हुए अपने करियर को बेहतर दिशा दे सकें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे कुशल युवा कार्यक्रम से युवाओं को नई दिशा मिल रही है और इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को अपने कौशल को लगातार विकसित करते रहना चाहिए। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए सावधानी बरतने और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि युवा तकनीकी ज्ञान के साथ अनुशासन और मेहनत को अपनाएं तो वे जीवन में बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय इंटर स्कूल के शिक्षक उदय कुमार और कन्या इंटर स्कूल के शिक्षक सत्यम पांडेय ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल आधारित शिक्षा आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे सीखी हुई तकनीकी जानकारी का उपयोग अपने करियर निर्माण के साथ-साथ समाज के विकास में भी करें।
संस्थान के निदेशक रौशन कुमार सिन्हा ने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार योग्य बनाना है। उन्होंने कहा कि कुशल युवा कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को कंप्यूटर ज्ञान, संचार कौशल और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे वे रोजगार के लिए तैयार हो सकें।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद छात्र-छात्राओं ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें नई जानकारी और आत्मविश्वास मिला है, जो उनके भविष्य में काफी सहायक होगा।