नवबिहार टाइम्स संवाददाता
ओबरा (औरंगाबाद)। ओबरा मुख्यालय स्थित चौरसिया सामुदायिक भवन में चल रहा एकल अभियान का वार्षिक पांच दिवसीय प्रशिक्षण रविवार को सम्पन्न हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन अध्यक्ष प्रोफेसर रामाधार सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन अभियान के पंडित आनंद सिंह ने किया।
समापन अवसर पर अध्यक्ष प्रोफेसर रामाधार सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म के माध्यम से भारत राष्ट्र की एकता और अनुशासन को सुदृढ़ कर विश्व गुरु बनने की दिशा में एकल अभियान का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने संस्कार शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, जल संचय और ध्वनि प्रदूषण जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवेश में पर्यावरण को शुद्ध और सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की आवश्यकता पर बल देते हुए शिक्षा के महत्व पर विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा कि एकल अभियान के अंतर्गत शिक्षा के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है, जिसे और बेहतर ढंग से सजाने और संवारने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान एकल सदस्यों की ओर से उपस्थित अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 37 आचार्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में समाजसेवी बद्री प्रसाद गुप्ता, पूर्व मुखिया रामसेवक प्रसाद, जयसवाल रामलाल सिंह, आनंद किशोर पाण्डेय, विनोद प्रसाद नाग, विपिन कुमार, सिकंदर नाग, बीरू नाग, अजीत कुमार, डॉक्टर बद्री प्रसाद सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।