परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं देने पर डिप्रेशन में थी कोमल
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मैट्रिक परीक्षार्थी कोमल कुमारी की मौत के बाद मसौढी के खरजमा गांव मे सन्नाटा पसरा रहा। इसके अलावा बरनी हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर बुधवार को दिन भर परीक्षा दिलाने आये अभिभावकों मे गहमागहमी का माहौल रहा। परीक्षा केंद्र पर कोई अनहोनी की आशंका से सभी मजिस्ट्रेट सहमे दिखे। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों मे आक्रोश दिखा। लोगों ने बताया कि कोमल दस मिनट परीक्षा केंद्र पर लेट पहुंची तो क्या हुआ। मसौढी थाने में मृतक कोमल की नानी लक्ष्मीनिया देवी पति भोजी यादव गंगाचक मालिकाना के बयान पर यूडी केस दर्ज किया गया है।

गौरतरब है कि मैट्रिक की परीक्षार्थी कोमल कुमारी बरनी हाई स्कूल में मैट्रिक की परीक्षा देने आई थी। परीक्षा के पहले ही दिन वह 10 मिनट लेट पहुंची जहां दरवाजा नहीं खुला जिससे वह डिप्रेशन का शिकार हो गई। उसके बाद वहां से निराश होकर वह लौटी और मसौढ़ी के गंगाचक मालिकाना पहुंची जहां अपने नानी से मुलाकात की।
फिर कुछ देर वहां से निकल गई और सीधे रेलवे लाइन पर चढ़ गई। बाद में महाराजचक गांव के समीप कोई अज्ञात ट्रेन से सुसाइड कर ली। देर शाम तक इसकी पहचान नहीं हुई तो सोशल मीडिया पर वायरल फोटो के बाद उनके परिजनों तक यह तस्वीर पहुंची और सबसे पहले उनकी नानी ने पहचान की।