सूर्यकुंड तालाब परिसर में निर्माणाधीन अतिथि गृह से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में देव प्रखंड स्थित सूर्यकुंड तालाब परिसर में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड द्वारा निर्माणाधीन अतिथि गृह से संबंधित समीक्षा बैठक आहूत की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाते हुए इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि देव स्थित सूर्यकुंड परिसर धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है तथा छठ पर्व के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं व्रती आते हैं। ऐसे में अतिथि गृह का निर्माण समय पर पूर्ण होने से श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को सुविधा मिल सकेगी।
साथ ही अतिथि गृह में निर्मित शौचालय को भी सुचारु रूप से संचालित (फंक्शनल) रखने का निर्देश दिया गया, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं एवं व्रतियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त सूर्यकुंड परिसर में निर्माणाधीन वॉच टावर पर रेलिंग लगाने का भी निर्देश दिया गया ताकि वहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मौके पर जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, कार्यपालक अभियंता, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड उपस्थित थे।