नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को मसौढी के डीएन कॉलेज खेल मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने जदयू प्रत्याशी अरुण मांझी के पक्ष में वोट देने की अपील की, कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू नगर अध्यक्ष अश्विनी उर्फ गोल्डी ने की, मंच का संचालन भाजपा के रविंद्र सिंह ने किया।
संबोधन में नीतीश कुमार ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया और विपक्ष पर निशाना भी साधा। इस दौरान उन्होंने जनता से एनडीए सरकार को एक बार फिर मौका देने की अपील की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में भय, अपराध और अराजकता का माहौल था, लेकिन हमारी सरकार आने के बाद राज्य में अमन-चैन और कानून का राज स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि अब बिहार में लोग देर रात तक निश्चिंत होकर अपने काम पर जा सकते हैं, जबकि पहले लोग इसी मसौढी में शाम ढ़लते ही घरों में कैद हो जाते थे।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग 15 साल सत्ता में रहे, उन्होंने विकास नहीं किया, सिर्फ परिवारवाद को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने हर वर्ग और हर क्षेत्र के लोगों के लिए काम किया है। उन्होंने घोषणा की कि सभी पंचायतों में चार करोड़ की लागत से विवाह भवन बनाए जाएंगे और 430 नई योजनाओं को स्वीकृति दी गई है, नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में विकास की रफ्तार और तेज हुई है। महिलाओं के सशक्तिकरण की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार लगातार महिलाओं को आत्मनिर्भर और शिक्षित बनाने की दिशा में काम कर रही है।
कार्यक्रम में मनीष वर्मा, दिल्ली प्रदेश से अधिक शैलेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, मुख्य पार्षद पिंकी देवी, शाहिद आलम, शंभू सिंह, प्रखंड अध्यक्ष सुनील वर्मा समेत एनडीए के घटक दल के सभी समर्थक शामिल रहे।