नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
आरा। भोजपुर जिले के आरा-छपरा फोरलेन के कोल्हरामपुर में अनियंत्रित सिमेंट से खाली ट्रक ने 40 वर्षीय राजबीर ठाकुर को बुधवार सुबह रौंद दिया जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर हो गई। वह पटना जिला के मनेर थाना क्षेत्र के सुअरमारवा निवासी पतिराम ठाकुर का पुत्र था। वह पेशे से ग्रामीण चिकित्सक था। कोईलवर थाना क्षेत्र के बबुरबानी में परिवार संग रहते हुए मेडिकल सेवारत था।
आज सुबह कोल्हरामपुर के समीप एक पेट्रोल पंप से तेल लेने आया था। उसी दौरान एक खाली ट्रक डिवाईडर पार कर बगल से जा रहे राजबीर को रौंदते हुए कोईलवर के तरफ फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीण उग्र हो गये। फोरलेन को जाम कर दिया और आगजनी भी की। सूचना मिलते ही बबुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। लोग मुआबजे की मांग को लेकर जाम से हटने का नाम नही ले रहे थे। 3 घंटे बाद पुलिस अधिकारियों के समझाने बुझाने के बाद मामला शांत कराया गया। उसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल आरा भेजा।
मौत की खबर सुनकर माता शैलकुमारी देवी, पत्नी पूनम देवी समेत पूरे परिवार के लोग रोने बिलखने लगे। मृतक की पांच संतान है। जिसमें तीन पुत्री व दो पुत्र है। सबसे बड़ी पुत्री 18 वर्षीय निधि कुमारी, 10 वर्षीय चुलबुली कुमारी व सात वर्षीय आंचल कुमारी, 14 वर्षीय पुत्र अनूप कुमार व 5 वर्षीय आशीष कुमार का पिता का साया हमेशा हमेशा के लिए उठ गया।