नवबिहार टाइम्स संवाददाता
औरंगाबाद। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो किशोर की मौत हो गई जबकि एक किशोर घायल हो गया। घटना ओबरा थाना क्षेत्र के देवकली शिव मंदिर समीप स्थित एनएच- 139 की है। मृतक की पहचान फेसर थाना क्षेत्र के फेसर निवासी सुनील यादव के 17 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार एवं कुटुंबा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी अखिलेश सिंह के 18 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। वहीं ज़ख्मी पिपरा गांव के ही सुशील सिंह का 16 वर्षीय पुत्र मौसम कुमार है।
जानकारी के अनुसार हिमांशु व मौसम का ओबरा के लक्ष्मी पब्लिक स्कूल में इंटर की परीक्षा का सेंटर था जहां राहुल ओबरा के महथू से दोनों को बाइक से छोड़ने जा रहा था तभी उस जगह अज्ञात वाहन की टक्कर से तीनों जख्मी हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओबरा पहुंचाया। जहां राहुल की मौत हो गई। वहीं प्राथमिक इलाज के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान हिमांशु की भी मौत हो गई।
हिमांशु अपने माता-पिता का एकलौता संतान था। उसके अलावा उसकी एक छोटी बहन है। उसके निधन से घर का चिराग बुझ गया है। वहीं दूसरा मृतक राहुल दो भाई और एक बहन हैं। हाल ही में उसके बहन की शादी करहरा गांव में तय हुई थी। कल छेंका के लिए जाना था। परिजन शादी की तैयारी में जुटे थे। घर में खुशियों का माहौल था। इस घटना की खबर सुनते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो किशोर की मौत हो गईं। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया हैं। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।