नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पकरीबरावां। नवादा-जमुई पथ पर अनियंत्रित बस पेड़ से टकराई। हादसे में बस के उप चालक की मौत हो गई। घटना पकरीबरावां थाना क्षेत्र के नवादा-जमुई पथ पर स्थित मड़हल गांव के पास हुई। जानकारी मिली कि मजदूर पकरीबरावां थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के थे। इस बीच बुधवार की रात दो बजे के आस पास मड़हल गांव के पास बस अनियंत्रित हो गई और बिजली के पोल में टकराती हुई पेड़ से टकराकर सड़क के नीचे उतर गई। इस बीच बस के केबिन में बैठे उप चालक बक्सर जिला के राजपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव निवासी राजेन्द्र चौधरी का 45 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार बस से नीचे गिर गया और चक्का के नीचे दब गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में दर्जनों मजदूर बाल-बाल बचे।
बताया जाता है कि हादसे में कई मजदूर चोटिल हुए। हादसे के बाद बस का ड्राइवर एवं उस पर सवार मजदूर वहां से हट गए। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी स्थानीय थाना को दी। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने एएसआई अमित कुमार को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने घटना की जानकारी ली। इसके बाद बस के मलिक एवं मृतक के परिवार को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया है। इधर, सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार नवादा पहुंचे। मृतक के पुत्र पप्पू कुमार को मृतक का शव दे दिया गया है। घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।