थानाध्यक्ष ने कहा– शरीर पर दो जगह चोट के निशान
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कोंच। थाना क्षेत्र के कमलबीघा गांव में गुरुवार सुबह एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव रहस्यमय परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान कमलबीघा निवासी रामदास पासवान, पिता स्वर्गीय राम भजन पासवान के रूप में हुई है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि रामदास पासवान बुधवार शाम करीब 5 बजे मुसहरी बिगहा गांव स्थित अपने बहनोई बिनेशर पासवान के घर गए थे। रात लगभग 9 बजे वे वहां से अपने घर लौटने के लिए निकले थे, लेकिन उसके बाद वे अपने घर नहीं पहुंचे। इसके बाद गुरुवार सुबह लगभग 6 बजे ग्रामीणों ने कमलबीघा गांव के बधार स्थित चहका के पास सड़क किनारे उनका शव देखा। पुलिस मामले की जांच सभी पहलुओं से कर रही है, जिसमें हत्या की आशंका भी शामिल है।
इधर, गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीण इसे सड़क दुर्घटना मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि रामदास पासवान शराब के नशे में गिर गए होंगे और ठंड लगने से उनकी मौत हुई होगी। रामदास पासवान पेशे से किसान थे और उनके दो पुत्र हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर पहुंचे कोंच थानाध्यक्ष सुदेह कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। आगे उन्होंने कहा कि शरीर पर दो स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं।