नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कोंच। थाना क्षेत्र के इगुना मोड़ के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से एक व्यक्ति घायल हो गया जिसकी इलाज के दौरान रात्रि डेढ़ बजे मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने गया गोह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार जैतीया गांव निवासी विशु राम चंद्रवंशी के 45 वर्षीय पुत्र गजेंद्र राम चंद्रवंशी उर्फ गुजूर कोंच बाजार कर घर के लिए पैदल लौट रहा था। तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को कोंच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार उपरांत हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गयाजी रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
शव के पोस्टमार्टम उपरांत लोगों ने गया – गोह मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर कोंच थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, परसावां पंचायत के मुखिया दिलीप कुमार पहुंचे और लोगों को समझाया। बीडीओ बिपुल भारद्वाज के आदेश पर पारिवारिक लाभ की राशि बीस हजार रुपए और कबीर अंत्येष्टि की राशि तीन हजार रुपए पीड़ित परिवार को दी गई। वहीं, कागजी प्रक्रिया उपरांत चार लाख रुपए का आश्वासन दिया गया। उसके बाद सड़क जाम को हटाया गया।