नवबिहार टाइम्स संवाददाता
चकाई। लोन का किस्त वसूलने निकले दो दिनों से लापता फाइनेंस कर्मी का शव चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के वनपोखरा बिशोदह सड़क में स्थित धरवा नदी पुल के समीप पानी से रविवार की सुबह पुलिस ने बरामद किया है। शव की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के कुमार गांव निवासी सुनील सिंह के 26 वर्षीय पुत्र नीलकमल कुमार के रूप में की गई है।
मृतक चकाई स्थित उत्कर्ष माइक्रोफाइनेंस बैंक में कलेक्शन एजेंट के रूप में दो साल से कार्य कर रहा था। शनिवार को मृतक के पिता ने चंद्रमंडी थाना में आवेदन देकर अपने पुत्र के लापता होने की शिकायत की थी। इसके बाद से पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी हुई थी तभी रविवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि धरवा नदी की पानी में एक शव उपला रहा है। इसके बाद थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम वहां पहुंची तो देखा कि शव पड़ा हुआ है जिसके दोनों हाथ पीछे से रस्सी से बंधे हुए है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और मृतक के घर वालों को इसकी सूचना दी। मृतक का मोबाइल और पल्सर बाइक भी गायब है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में सिमरा गांव निवासी ममता देवी सहित दो को जसीडीह से गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने घटना को लेकर कई जानकारी पुलिस को दी है। उत्कर्ष माइक्रोफाइनेंस बैंक के मैनेजर कमलेश कुमार ने बताया कि नीलकमल कुमार 25 अक्टूबर की सुबह सिमरा चकाई बाजार और सिमरिया में कलेक्शन के लिए निकला था। पूरा कलेक्शन करके 3 बजे ब्रांच में जमा करने आया था। कुछ कलेक्शन छूट गया था जिसको कलेक्शन करने के लिए वह दोबारा ब्रांच से निकला था।
इधर, झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने पुलिस का पक्ष रखते हुए बताया कि पूछताछ के लिए एक महिला को हिरासत में लिया गया है। घटना का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।