छात्राओं को सर्वाइकल व स्तन कैंसर से बचाव की दी गई जानकारी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर आज शांता नर्सिंग इंस्टीट्यूट, बियाडा, औरंगाबाद में भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवतियों एवं छात्राओं को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते बचाव के उपायों की जानकारी देना था।
इस अवसर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शोभा रानी सिन्हा ने बताया कि महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) है। उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला सही आयु में सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन लगवा लेती है तो वह लगभग 99 प्रतिशत तक सुरक्षित रह सकती है। डॉ. सिन्हा ने वैक्सीनेशन को कैंसर रोकथाम की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। डॉ. सिन्हा ने कहा कि जागरूकता ही कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार है और युवावस्था से ही सही जानकारी मिलने पर भविष्य में इस बीमारी से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, जीवनशैली में सुधार, नियमित जांच और समय पर इलाज से कैंसर से होने वाली मृत्यु दर को कम किए जाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही महिलाओं में सबसे अधिक पाए जाने वाले स्तन कैंसर को लेकर छात्राओं को स्वयं परीक्षण (सेल्फ एग्ज़ामिनेशन) की विधि समझाई गई, जिससे शुरुआती अवस्था में ही बीमारी की पहचान संभव हो सके।
कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक-शिक्षिकाएं, नर्सिंग छात्राएं एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने इस तरह के कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि समाज में कैंसर के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सके।