पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद के जसोइया स्थित शांता नर्सिंग इंस्टीट्यूट में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें पोस्टर प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही।
कार्यक्रम में एएनएम की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से स्वच्छता, पोषण, रोग-निवारण और स्वस्थ जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में प्रीति कुमारी सत्र (2023–25) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ज्योति कुमारी द्वितीय और नगमा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

इस अवसर पर संस्थान की चेयरपर्सन डॉ शोभा रानी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य ही मानव जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति है। उन्होंने छात्राओं को न केवल अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, बल्कि समाज में भी जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के शिक्षकों ने भी स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली से उत्पन्न बीमारियों के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता बताई।
समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और छात्राओं की रचनात्मकता ने सभी को प्रभावित किया। अंत में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संस्थान परिवार ने सभी का आभार व्यक्त किया।