67.5 किलोग्राम कैटेगरी में कुल 505.5 किलोग्राम वजन उठाकर प्राप्त किया पहला स्थान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। राजधानी दिल्ली में आयोजित डब्ल्यूआरपीएफ एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में औरंगाबाद के पवई गांव के सूरज कुमार ने डबल गोल्ड मेडल जीता है। सूरज ने 21 और 22 फरवरी को हुई इस प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की है। सूरज कुमार ने 67.5 किलोग्राम कैटेगरी में कुल 505.5 किलोग्राम वजन उठाकर पहला स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के कई खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जहां सूरज ने अपनी तकनीक और आत्मविश्वास के दम पर जीत दर्ज की।
सूरज ने बताया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। उसने इंटरनेशनल गेम्स के लिए सरकार से मदद का आग्रह किया है ताकि वह जिले और राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सके। कहा कि इस उपलब्धि के पीछे उनके कोच तरुण यादव और सुबेस्टिन जॉन का विशेष योगदान रहा।

सूरज के पिता महेंद्र भगत और माता माया देवी ने बेटे की इस जीत पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे औरंगाबाद जिले के लिए प्रेरणास्रोत है। गांव में भी सूरज की जीत पर खुशी का माहौल है।
बधाई देने वालों में दादा दशरथ भगत, भाई बबलू मालाकार, मनोहर मालाकार, अभिभावक सचिन वर्मा, पिंटू गुप्ता, पंकज गुप्ता, बबलू गुप्ता, राजू गुप्ता, राजन गुप्ता सहित कई लोग शामिल रहे।