त्रिकोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ का भव्य आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। धर्मसभा भवन में त्रिकोटि कुमकुमार्चन श्री विद्या महायज्ञ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। यह आयोजन स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के संरक्षण और युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देशभर से संतों, विद्वानों, समाजसेवियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
महायज्ञ में भारत सरकार के पूर्व मंत्री संजय पासवान, त्रिपुरा मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अरिंदम लोध, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं गया विधायक डॉ. प्रेम कुमार समेत अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सभी ने यज्ञशाला में पूजन-अर्चन कर राष्ट्र और समाज की समृद्धि की कामना की।
गया विधायक प्रेम कुमार ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि माँ ललिता की कृपा से भारत एक बार फिर विश्वगुरु बन सकता है। यह यज्ञ भारत की आत्मिक शक्ति को जाग्रत करने का माध्यम है और गयाजी की पुण्यभूमि पर इसका आयोजन सामाजिक एवं आध्यात्मिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवा चेतना के नेतृत्व में हुआ यह आयोजन प्रमाण है कि आज का युवा भी धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित है।
प्रेम कुमार ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि आत्मशुद्धि, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक समरसता की भावना से माँ ललिता से प्रार्थना करें ताकि भारत एक सशक्त, समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से जागरूक राष्ट्र के रूप में प्रतिष्ठित हो। महायज्ञ में गया सहित पूरे मगध क्षेत्र से हजारों श्रद्धालु उपस्थित हुए। मंत्रोच्चारण, पूजा-अर्चना और प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा का अनुभव किया। आयोजन ने धर्म, संस्कृति और राष्ट्रवाद के समन्वय का सशक्त संदेश दिया।