नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। अग्निशमन विभाग द्वारा ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ (14 से 20 अप्रैल) के अवसर पर शहर में जन-जागरूकता और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को आग से बचाव और आपदा प्रबंधन के प्रति सतर्क करना रहा।
गुरुवार को सेवा सप्ताह के तीसरे दिन आयोजित इस मैराथन में दमकल कर्मियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भीषण गर्मी और पछुआ हवा के कारण बढ़ती आग की घटनाओं को देखते हुए यह पहल विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मैराथन दौड़ की शुरुआत अग्निशमालय परिसर से हुई, जिसे अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ अग्निशमन कार्यालय से अनुमंडल कार्यालय चौक होते हुए सरवां रेलवे गुमटी तक गई और पुनः अग्निशमालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान लोगों को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
दौड़ के समापन के बाद अग्निशमालय परिसर में जवानों के लिए पीटी परेड का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग की घटनाओं के दौरान दमकल कर्मियों को कठिन परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है, जिसके लिए शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती बेहद आवश्यक है। परेड के माध्यम से जवानों को त्वरित प्रतिक्रिया (क्विक रिस्पांस) और टीम वर्क का प्रशिक्षण दिया गया।
इस कार्यक्रम में अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी मंजीत सिंह, सहायक पदाधिकारी तथा अन्य कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अधिकारियों ने स्वयं मैराथन में शामिल होकर जवानों का उत्साहवर्धन किया।
विभाग ने इस अवसर पर संदेश दिया कि “सावधानी ही बचाव है” और अग्निशमन सेवा सप्ताह के माध्यम से इस जागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।