नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बोकारो जिले में कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। खासकर पौधारोपण को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। एक पेड़ मां के नाम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद हर वर्ग और हर समाज के लोगों में पौधारोपण को लेकर जागरूकता देखी जा रही है। इसी कड़ी में आज उन्नति फाउंडेशन नामक एक सामाजिक संगठन ने बोकारो महिला कॉलेज परिसर में एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी पौधारोपण किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का शपथ भी लिया।
उन्नति फाउंडेशन की अध्यक्ष अर्चना सिंह ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम प्रधानमंत्री के आह्वान के पीछे पर्यावरण के संरक्षण का राज छुपा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी हम भी सुरक्षित रहेंगे।
मिली सिंह ने कहा कि फलदार पौधों के साथ-साथ औषधीय पौधे भी लगाना चाहिए। इससे पर्यावरण तो सुरक्षित रहेगा ही साथ ही साथ यह सेहत के लिए भी लाभदायक है।
बोकारो महिला कॉलेज के सहायक प्राध्यापक कृष्णानंद भारती ने कहा कि वर्तमान स्थिति चिंताजनक है। वृक्षारोपण को लेकर लोग जागरूक नहीं हुए तो हवा पानी कुछ भी शुद्ध नहीं मिलेगा। पर्यावरण दिवस ही नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर निरंतर काम करने की आवश्यकता है।