नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। प्रतिभा का सम्मान सारे जहां में होता है। कहा भी गया है विद्वान सर्वत्र पूज्यते। राजा अपने देश में पूजे जाते हैं लेकिन विद्वान की सब जगह पूजा की जाती है। यह बातें बिहार के सहकारिता मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने सोमवार को औरंगाबाद स्थित नगर भवन में दैनिक भास्कर द्वारा आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में कही। सहकारिता मंत्री ने कहा कि आज के नौनिहाल छात्र-छात्राएं अपने प्रतिभा के बल पर देश दुनिया में नाम रोशन करेंगे। इनको सम्मानित करने के लिए दैनिक भास्कर ने जो प्रयास किया है वह सराहनीय एवं अनुकरणीय प्रयास है।
कार्यक्रम का उद्घाटन सहकारिता मंत्री डॉ प्रेम कुमार के अलावा नवबिहार टाइम्स के संपादक कमल किशोर, नगर परिषद औरंगाबाद के अध्यक्ष उदय प्रसाद गुप्ता, रेडक्रॉस के चेयरमैन सतीश कुमार सिंह, शिक्षा पुरुष सुरेश प्रसाद गुप्ता एवं दैनिक भास्कर के ब्यूरो स्नेह रंजन ने दीप जलाकर किया।
नवबिहार टाइम्स के संपादक कमल किशोर ने कहा कि बच्चे भारत का भविष्य हैं। आज के ये विद्यार्थी कल डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, वैज्ञानिक, देश के नेतृत्व करने वाले प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति भी हो सकते हैं। अनुसंधान कर भारत सहित दुनिया को एक महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
नगर परिषद औरंगाबाद के अध्यक्ष उदय प्रसाद गुप्ता ने कहा कि हम भारतीय सदा ही विश्व का नेतृत्व किए हैं। हमारी प्रतिभा का लोहा समूचा विश्व मानती है। अर्वाचीन ही नहीं प्राचीन काल से हमारे यहां नालंदा विश्वविद्यालय, तक्षशिला विश्वविद्यालय, आर्यभट्ट विश्वविद्यालय जैसे विश्व प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान थे, जहां देश–विदेश से बच्चे आकर शिक्षा ग्रहण करते थे।
रेडक्रॉस के चेयरमैन सतीश कुमार सिंह ने कहा कि आज भी विश्व की बड़ी-बड़ी कंपनियों के सीईओ भारतीय हैं। हमारी नस्ले अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में नेतृत्व कर रहे हैं। चाहे राजनीतिक हो, व्यापारिक हो या सांस्कृतिक। हम अपने बच्चों से अपेक्षा रखते हैं कि आप अपनी इस प्रतिभा को समाज सेवा, देश सेवा के लिए समर्पित करेंगे। देश के एक जिम्मेदार नागरिक बन अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे। विकसित भारत के निर्माण में आप सबों का महत्वपूर्ण योगदान होगा।
शिक्षा पुरुष सुरेश कुमार गुप्ता ने कहा कि आज आप 10वीं और 12वीं के परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक लाए हैं। आगे और भी महत्वपूर्ण मुकाम हासिल करना है। रुकना और थकना नहीं है।मंजिल से भटकना नहीं है। नशा और बुरे संगत से बचना है। राष्ट्र सेवा और सच्चाई को नहीं छोड़ना है। लोकतंत्र की रक्षा, देश सेवा ही आपका धर्म है। इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए आयोजक को बहुत–बहुत धन्यवाद।
कार्यक्रम का संचालन पीएम श्री मध्य विद्यालय कुटुंबा के प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर प्रसाद साहू ने किया।