जेएनयू प्रकरण को लेकर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान बढ़ा विवाद, मौके पर मची अफरा-तफरी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जमशेदपुर। शहर के बिष्टुपुर में सोमवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हो गई। जेएनयू प्रकरण को लेकर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। इस दौरान लाठी-डंडे चलने की भी खबर है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा ने जेएनयू से जुड़े छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर सोमवार को बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय, तिलक पुस्तकालय के बाहर आक्रोश प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया था। प्रदर्शनकारी मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और मारपीट होने लगी। इस दौरान लाठियां चलने की भी सूचना सामने आई। घटना से इलाके में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। जेएनयू प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के बीच हुई इस भिड़ंत ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से स्थिति बिगड़ गई।
हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, पुलिस की कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम को लेकर भी आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।