नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। गुरुआ प्रखंड के सिमारू पंचायत के पूर्व मुखिया और बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता विष्णुदेव सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्हें कांग्रेस की सदस्यता जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार ने दिलाई। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि विष्णुदेव सिंह के कांग्रेस में शामिल होने से गुरुआ प्रखंड सहित पूरे गया जिले में पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव सिंह का सामाजिक और राजनीतिक अनुभव कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त करेगा। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करते हुए विष्णुदेव सिंह ने कहा कि वह लंबे समय तक बहुजन समाज पार्टी से जुड़े रहे, लेकिन वर्तमान समय में संविधान और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की गरिमा की रक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि वंचितों और कमजोर वर्गों की लड़ाई को आगे बढ़ाने की सोच, जो राहुल गांधी के विचारों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, उससे वह प्रभावित हुए हैं। इसके साथ ही गया जिले में कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष कुमार द्वारा पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे कार्यक्रमों ने उन्हें कांग्रेस से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। विष्णुदेव सिंह के कांग्रेस में शामिल होने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की।
उन्हें बधाई देने वालों में बाकें खान, फेकू दास, जयप्रकाश कुशवाहा, पवन दांगी, मनोज यादव, राजकुमार रजक, सत्येंद्र दास, सूरज रजक, प्रकाश पासवान, कारू मांझी, रोहित दांगी और अंकित कुमार शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि विष्णुदेव सिंह के आने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी जनसरोकार के मुद्दों को और मजबूती से उठाएगी।