औरंगाबाद के रमेश चौक के पास किया गया लाइव प्रसारण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर उनके औरंगाबाद स्थित ननिहाल में जोरदार जश्न मनाया गया। विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह के सौजन्य से मंगलवार को औरंगाबाद के बद्रीनाथ मार्केट के सामने लाइव प्रसारण किया गया जिसे भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने देखा। इस अवसर पर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। इस अवसर पर नितिन नवीन के मामा एवं वरीय अधिवक्ता अजय कुमार संतोष भी विशेष तौर पर उपस्थित थे।

भाजपा के वरीय नेता अनिल कुमार सिंह ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए खुशी और गर्व का ऐतिहासिक दिन है। भाजपा के युवा नेता नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा फूलों का हार पहनाकर की गयी घोषणा के साथ ही जिले भर में उत्साह और उल्लास का माहौल बन गया। उन्होंने कहा कि बिहार के लाल और औरंगाबाद के भगीना नितिन नवीन ने आज पूरे राज्य और जिले का नाम रोशन किया है। बिहार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचना हम सभी के लिए गर्व की बात है। जिस तरह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को आगे बढ़ाया है, उसी तरह नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन और देश दोनों आगे बढ़ेंगे।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबल्लभ सिंह उर्फ बबुआ जी ने कहा कि आज जिस पार्टी की स्थापना को 44 वर्ष पूरे हुए हैं, उसी पार्टी ने 45 वर्ष के एक युवा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है। औरंगाबाद के भगीना नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना जिले के लिए सौभाग्य की बात है। उनके नेतृत्व में देश और संगठन का और अधिक विकास होगा।

मौके पर जिलाध्यक्ष विजेंद्र चंद्रवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिता सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुनील शर्मा, धर्मेन्द्र शर्मा, अशोक सिंह, सुमन अग्रवाल, जुलेखा खातून, अभिषेक वासु, चंदन सिंह, सुजीत सिंह, विकास बारूद, अनिल ओड़िया, विनोद चंद्रवंशी, आर्यन, दीपक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।