नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर में आयोजित होने वाले चैती छठ महापर्व (22 से 25 मार्च) को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद ने देव थाना क्षेत्र में स्थित पूजा स्थलों, आवासन व्यवस्था, पार्किंग स्थल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने, पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने, आवासन स्थलों की निगरानी बढ़ाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चैती छठ के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु देव पहुंचते हैं, ऐसे में पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहना होगा।
इस दौरान एसडीपीओ सदर-02, एसडीपीओ यातायात, डीएसपी रक्षित, डीएसपी मुख्यालय-02, प्रशिक्षु डीएसपी, देव थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा 15 मार्च 2026 को देव थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में चैती छठ पूजा की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, आवासन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूजा करने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि चैती छठ के दौरान देव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम किया जाएगा।