डॉ. भीमराव अंबेडकर+2 कन्या आवासीय उच्च विद्यालय, कुशी का डीडीसी ने किया औचक निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह द्वारा 720 छात्राओं की क्षमता वाले डॉ. भीमराव अंबेडकर+2 कन्या आवासीय उच्च विद्यालय, कुशी, औरंगाबाद का औचक निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा उप विकास आयुक्त का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त द्वारा विद्यालय परिसर में संचालित एचपीवी (HPV) टीकाकरण कार्यक्रम का अवलोकन किया गया। यह कार्यक्रम राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित हो रहा है, जिसे सुव्यवस्थित एवं संतोषजनक पाया गया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम संभव है।

इसके उपरांत विद्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया गया, जिसमें छात्राओं की उपस्थिति, पठन-पाठन की व्यवस्था, छात्रावास की स्थिति, स्वच्छता, पेयजल, भोजन व्यवस्था तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकांश व्यवस्थाओं पर उप विकास आयुक्त ने संतोष व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुरक्षित आवासीय वातावरण बनाए रखने हेतु निरंतर प्रयास जारी रखने का निर्देश दिया।
हालांकि निरीक्षण के दौरान जीविका समूह के माध्यम से संचालित साफ-सफाई व्यवस्था में कुछ कमियां पाई गईं, जिस पर उप विकास आयुक्त ने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मियों को त्वरित सुधार के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जीविका समूह द्वारा संचालित मेस की कार्यप्रणाली भी अपेक्षित स्तर की नहीं पाई गई, जिस पर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं समयबद्धता में सुधार हेतु ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त द्वारा जीविका समूह को कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए आवश्यकतानुसार कर्मियों की संख्या बढ़ाने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को साफ-सफाई एवं मेस व्यवस्था में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करते हुए समस्त व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी, जीविका समूह के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।