निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का लिया जायजा, विधायक कल्पना सोरेन के साथ चाय-पकौड़ी का भी उठाया आनंद
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को बोकारो जिले के दौरे के दौरान निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा मुख्य सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने सड़क की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं की जानकारी ली। कसमार-बरलंगा मुख्य सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने और क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की स्थिति को करीब से देखा।
इसके बाद वापसी के क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सेवाती घाटी का भी निरीक्षण किया। घाटी और आसपास के क्षेत्र का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री कसमार पहुंचे। इस दौरान एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला। कसमार के तीनकोनिया चौक स्थित एक स्थानीय दुकान पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन रुके। दोनों ने दुकान पर गरमा-गरम चाय और पकौड़ी का स्वाद चखा। मुख्यमंत्री और विधायक को स्थानीय दुकान पर चाय-पकौड़ी का आनंद लेते देख लोगों के बीच भी उत्सुकता रही।
मुख्यमंत्री का यह दौरा जहां सड़क निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता के निरीक्षण को लेकर महत्वपूर्ण रहा, वहीं स्थानीय दुकान पर चाय-पकौड़ी का स्वाद चखने का दृश्य भी चर्चा का विषय बना।