नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। भारतीय जनता पार्टी दाउदनगर नगर, ग्रामीण एवं शमशेर नगर मंडल की संयुक्त बैठक पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश पांडे के आवास पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता शमशेर नगर मंडल अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा ने की, जबकि संचालन रंजन बर्मा एवं पूर्व अध्यक्ष राकेश पांडे ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित भाजपा जिला प्रवक्ता अश्वनी कुमार तिवारी ने कहा कि भीमराव अंबेडकर जयंती को हर बूथ स्तर पर मनाने का संकल्प सभी कार्यकर्ता लें। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल से 21 अप्रैल तक तीनों मंडलों के प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बाबासाहेब के विचार, उनके योगदान और उनके संकल्प को आम जन तक पहुंचाया जाएगा।
श्री तिवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, मध्यम वर्ग, किसान और महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इन योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और कौशल विकास योजना समेत कई योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार सभी वर्गों और समुदायों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार वर्मा, नगर मंडल के महामंत्री प्रहलाद संस्कार, महामंत्री अनूप मनोहर, संजय पासवान, मुन्ना तिवारी, सुधीर कुमार, नंदेश कुमार, रंजीत कुमार, मनोज प्रसाद गुप्ता, दयाशंकर चंद्रवंशी, अवधेश पासवान सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।