नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए हैं। ताजा घटना में मेयर संजीव सिंह के समर्थक और जनता मजदूर संघ के प्रतिनिधि शुभम यादव को शुक्रवार की देर शाम अपराधियों ने घर में घुसकर गोली मार दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना सोनारडीह ओपी क्षेत्र की है, जहां अपराधियों ने शुभम यादव के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि शुभम को तीन गोलियां लगी हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल शुभम को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के वक्त शुभम अपने दादा-दादी के साथ घर में मौजूद थे।
इस वारदात के बाद मेयर समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना।
वहीं, सूचना मिलते ही सोनारडीह ओपी पुलिस और धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। बाघमारा डीएसपी पुरुषोत्तम सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रहे हैं।