नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने सम्राट चौधरी के बिहार के मुख्यमंत्री बनने पर पटना पहुंचकर उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, विष्णु चरण चिन्ह एवं फूलों का बुके भेंट कर शुभकामनाएं और बधाई दी।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनना भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि संगठन में एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने से लेकर उपमुख्यमंत्री के रूप में जनता के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाने तक, सम्राट चौधरी ने हमेशा जनसेवा को प्राथमिकता दी है। उनकी लोकप्रियता, संघर्षशील व्यक्तित्व और संगठन के प्रति निष्ठा का ही परिणाम है कि आज उन्हें बिहार के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला है।
उन्होंने आगे कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए आयाम स्थापित करेगा। राज्य में अपराध पर कठोर नियंत्रण होगा और बिहार अपराध मुक्त राज्य के रूप में नई पहचान बनाएगा।
डॉ. मिश्रा ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मान, महिलाओं को सुरक्षा तथा गरीबों को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने भाजपा पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस विश्वास को मुख्यमंत्री पूरी ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के साथ निभाएंगे।
अंत में डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए बिहार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।