आगलगी की घटना से प्रभावित क्षेत्र का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा मदनपुर प्रखंड के बेरी पंचायत में आगलगी की घटना से प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा प्रभावित 25 परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी पीड़ित परिवारों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अंतर्गत आवश्यक सभी कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है। प्रभावित परिवारों को राहत अनुदान की राशि का चेक तत्काल निर्गत कर दिया गया है तथा पॉलीथिन शीट सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण भी सुनिश्चित किया गया है।

इसके अतिरिक्त, रेडक्रॉस के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को दैनिक उपयोग की सामग्री एवं बर्तन आदि उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं को सुचारू रूप से पूरा कर सकें।
पेयजल की समुचित व्यवस्था हेतु तत्काल पानी के टैंकर की व्यवस्था की गई है। साथ ही, जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को अविलंब चापाकल अधिष्ठापन कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि स्थायी रूप से पेयजल की समस्या का समाधान हो सके।

स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावित क्षेत्र में मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया है, जहां चिकित्सकों की टीम द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी द्वारा प्रभारी पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग को निर्देशित किया गया है कि प्रभावित क्षेत्र में विशेष शिविर आयोजित कर सभी पात्र लाभुकों को विभागीय योजनाओं से आच्छादित किया जाए। इसके अंतर्गत पेंशन योजना, आधार कार्ड पंजीकरण एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा इस आपदा की घड़ी में त्वरित राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र सामान्य स्थिति में लाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) उपेंद्र पंडित, अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, जिला आपदा प्रभारी अंतरा कुमारी, अंचल अधिकारी, मदनपुर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।