नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन प्रखंड में बाढ़ का पानी फैलने से शिक्षा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। पुनपुन नदी के उफान से पांच पंचायतों के 48 सरकारी विद्यालयों में पानी घुस गया है, जिसके कारण पठन-पाठन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इससे हजारों बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
सबसे अधिक प्रभावित बरावां, लखन पूर्वी, लखना उत्तरी-पश्चिमी, लखनपार और पुनपुन नगर पंचायत के विद्यालय हैं। कई स्कूल जलमग्न होकर टापू में तब्दील हो गए हैं। स्कूल बंद होने से मध्याह्न भोजन योजना भी प्रभावित हुई है।
वहीं, बाढ़ से प्रभावित 22 आंगनबाड़ी केंद्रों को सीडीपीओ की पहल पर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। इससे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित बच्चों के लिए ऊंचे स्थानों पर अस्थायी कक्षाएं शुरू करने अथवा ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था करने की मांग की है।