नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने शुक्रवार को “सबका सम्मान – जीवन आसान” पहल के तहत जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
इस दौरान परिवादियों ने दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, राशन कार्ड, नाली-गली निर्माण, भूमि विवाद, सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी सेविका बहाली, जमाबंदी, इंदिरा आवास, भूमि मापी, जमीन पर अवैध कब्जा, परिमार्जन, एलपीसी निर्गत करने, पैक्स से संबंधित मामलों, मानदेय भुगतान, आंगनबाड़ी बहाली में अनियमितता तथा अनुग्रह अनुदान सहित अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए।

जनता दरबार में प्राप्त सभी परिवादों को विधिवत पंजी में दर्ज कर संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर हो, ताकि आम नागरिकों को समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक परिवाद का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं न्यायसंगत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि परिवादों के निष्पादन की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि लोगों को प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र राहत मिल सके।