स्वास्थ्य, शहरी विकास एवं ऊर्जा विभाग की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। रोहतास जिले में आधारभूत संरचना के विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, शहरी नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में आज महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। माननीय प्रधानमंत्री, भारत सरकार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के विभिन्न जिलों में नगर विकास एवं आवास विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा ऊर्जा विभाग से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया। इसी क्रम में रोहतास जिले की योजनाओं से संबंधित कार्यक्रम समाहरणालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार, सासाराम में आयोजित किया गया।कार्यक्रम में माननीय सांसद राजा राम सिंह, माननीय सांसद मनोज कुमार, माननीय विधान पार्षद निवेदिता सिंह, माननीय विधान पार्षद, संतोष कुमार सिंह, जिलाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रोहतास की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, आम नागरिक एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी भी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग : आठ नवनिर्मित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन
जिले में ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आठ नवनिर्मित स्वास्थ्य उपकेंद्रों (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) का उद्घाटन किया गया। इनमें सासाराम प्रखंड का मलाव, दिनारा प्रखंड का गंज भड़सरा, नासरीगंज प्रखंड के मांगरांव, अमियावर, कैथी एवं पोखराहा, अकोढ़ीगोला प्रखंड का गोरधनपुर तथा काराकाट प्रखंड का किरही स्वास्थ्य उपकेंद्र शामिल हैं।प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण आईपीएचएस मानक के अनुरूप 1,025 वर्गफीट क्षेत्रफल में लगभग 42.84 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। इन केंद्रों में वेलनेस हॉल, चिकित्सक कक्ष, निरीक्षक कक्ष, डे-केयर कक्ष, प्रयोगशाला एवं आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था की गई है। इन स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से लगभग 3,000 से 5,000 की आबादी को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
नगर विकास एवं आवास विभाग : प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मिली गृह प्रवेश की सौगात
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत रोहतास जिले के सभी शहरी स्थानीय निकायों में कुल 13,698 लाभार्थियों के आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें पीएमएवाई (यू) के तहत 6,713 तथा पीएमएवाई (यू) 2.0 के तहत 6,977 आवास शामिल हैं। इनमें पूर्ण हुए 5,378 आवासों में से 10 लाभार्थियों को गृह प्रवेश के लिए सांकेतिक रूप से चाबी प्रदान की गई। यह पहल पात्र लाभार्थियों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण है।
अमृत 2.0 योजना : डेहरी-डालमियानगर में 33.30 करोड़ रुपये की जलापूर्ति योजना का शिलान्यास
अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद क्षेत्र में 33.30 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि से बुडको द्वारा संचालित जलापूर्ति परियोजना का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना के पूर्ण होने से संबंधित शहरी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों को बेहतर जलापूर्ति सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। ऊर्जा विभाग के अंतर्गत रोहतास जिले में दो नए विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का उद्घाटन किया गया। इनमें सासाराम सदर अस्पताल एवं धनकाढ़ा स्थित विद्युत शक्ति उपकेंद्र शामिल हैं।इसके अतिरिक्त विद्युत वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से लॉस रिडक्शन परियोजना के अंतर्गत निम्नलिखित कार्य किए गए हैं—फीडर सेग्रीगेशन: 09 अदद, फीडर बाइफरकेशन: 07 अदद, एचवीडीएस के अंतर्गत नए डीटीआर की स्थापना: 60 अदद, केबलिंग कार्य: 58 किलोमीटर उक्त कार्यों पर कुल 72.88 करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई है।
इन कार्यों से विद्युत वितरण प्रणाली की क्षमता में वृद्धि, लो-वोल्टेज की समस्या में कमी तथा विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता में सुधार होगा। लंबे एवं अधिक भार वाले फीडरों को छोटे फीडरों में विभाजित करने से विद्युत व्यवधान एवं तकनीकी हानि को कम करने में सहायता मिलेगी। साथ ही कृषि फीडरों के विस्तार से किसानों को सिंचाई के लिए नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में भी लाभ मिलेगा। रोहतास जिले में स्वास्थ्य, आवास, पेयजल एवं विद्युत क्षेत्र से संबंधित इन योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास जिले के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार लाने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, आम नागरिकों एवं लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।