छोटे शहर में भी पल रहे बड़े सपने : चेयरमैन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। विवेकानंद वीआईपी स्कूल के छात्रों ने ‘विकसित भारत बिल्डथॉन’ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्रों ने अपनी प्रतिभा और नवाचार क्षमता के बल पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार पर कब्जा जमाया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

यह प्रतियोगिता भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय एवं अटल इनोवेशन मिशन द्वारा आयोजित एक राष्ट्रीय नवाचार कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य कक्षा छह से बारहवीं तक के छात्रों में रचनात्मकता, विज्ञान, तकनीक और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करना है। प्रतियोगिता की थीम आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल, स्वदेशी उत्पाद तथा समृद्ध एवं विकसित भारत पर आधारित थी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्टार्टअप और नवाचार की दिशा में प्रेरित करना है।
प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा नवम की छात्राएँ इज्मा युहानिज, अमृता श्रीहंस एवं तहसीन फातिमा ने अपने प्रोजेक्ट ‘यूरेका इंजन’ के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं कक्षा नवम के छात्र अनिकेत कुमार एवं अनुराग रजक को उनके प्रोजेक्ट ‘जम्पिंग एटम’ के लिए द्वितीय पुरस्कार मिला।

इसके अलावा वर्ग षष्ठ के छात्र सूरज कुमार सागर, अविनाश कुमार, ओम सिंह एवं मधुकर आनंद की टीम ने स्वदेशी उत्पाद को बढ़ावा देने वाले अपने प्रोजेक्ट ‘स्वदेशी शरबत’ के लिए तृतीय पुरस्कार हासिल किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, विकसित भारत बिल्डथॉन प्रतियोगिता में देशभर से लगभग तीन लाख स्कूलों और 25 लाख प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। ऐसे बड़े मंच पर विद्यालय के छात्रों की सफलता गौरव की बात है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. शंभूशरण सिंह ने कहा कि विकसित भारत बिल्डथॉन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि जब देश के विद्यार्थी नई तकनीक, नए विचार और समाज की समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करते हैं, तब विकसित भारत विजन-2047 का सपना साकार होना तय है।
उपप्राचार्य सूची कुमारी ने कहा कि छात्रों ने कठिन परिश्रम, टीम भावना और रचनात्मक सोच के बल पर यह सफलता हासिल की है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक सहयोग का परिणाम है।
विद्यालय के चेयरमैन मनीष वत्स ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि छोटे शहरों में भी बड़े सपने पल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। विद्यालय स्तर पर सभी सफल छात्रों को सम्मानित भी किया जाएगा।