नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक किया जाएगा।
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि इस दौरान बीएलओ मतदाताओं के घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करेंगे। मतदाताओं द्वारा सत्यापन किए जाने के बाद इन फॉर्मों को संग्रहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर पहले से तैयारियां जारी हैं। अब तक राज्य के लगभग 73 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पिछले गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची के आधार पर बीएलओ द्वारा की जा चुकी है।
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं की अब तक मैपिंग नहीं हो सकी है, उनकी सूची 23 मई 2026 से सभी मतदान केंद्रों पर प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही संबंधित बीएलओ का नाम एवं मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मतदाता सीधे अपने बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में अपनी मैपिंग सुनिश्चित करा सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर स्टीकर लगाने का कार्य भी किया गया है, जिस पर संबंधित बीएलओ का नाम और संपर्क नंबर अंकित है। इसके अतिरिक्त मतदाता ECINET पर उपलब्ध “बुक ए कॉल” फीचर का उपयोग कर भी अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।