वित्तीय वर्ष 2025-26 में 17,574 मिलियन यूनिट किया गया विद्युत उत्पादन
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
बाढ़ (पटना)। एनटीपीसी बाढ़ की कुल स्थापित क्षमता 3300 मेगावाट (5×660 मेगावाट) है तथा स्टेज-I यूनिट-3 के वाणिज्यिक परिचालन के बाद यह एनटीपीसी का दूसरा सबसे बड़ा पावर स्टेशन बन गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्टेशन द्वारा 17,574 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया गया, जो अब तक का सर्वाधिक वार्षिक उत्पादन है। यह बातें परियोजना प्रमुख सी. सत्य रामकृष्ण ने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कही। वे सोमवार को आयोजित मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम में एनटीपीसी बाढ़ की उपलब्धियों, परिचालन उत्कृष्टता, सतत विकास एवं सामुदायिक विकास से जुड़ी विभिन्न पहलों की जानकारी दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि 30 दिसंबर 2025 को स्टेशन ने 75.38 मिलियन यूनिट के सर्वाधिक एकदिवसीय उत्पादन एवं 95.18 प्रतिशत पीएलएफ का रिकॉर्ड स्थापित किया। वहीं मार्च 2026 में 2045 मिलियन यूनिट का सर्वाधिक मासिक उत्पादन भी प्राप्त किया गया।
परियोजना की हरित एवं सतत विकास पहलों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि स्टेशन में कुल 3150 किलोवाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जा रही हैं, जिनमें से अब तक 2450 किलोवाट क्षमता की परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं।

सामुदायिक विकास के तहत बालिका सशक्तिकरण अभियान, उत्कर्ष मेरिट छात्रवृत्ति एवं मोबाइल मेडिकल वैन जैसी योजनाओं के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी बाढ़ में 400 MWh क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली परियोजना पर भी कार्य चल रहा है, जिससे भविष्य में ऊर्जा प्रबंधन एवं ग्रिड स्थिरता को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक एवं सार्थक संवाद हुआ तथा परियोजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। एनटीपीसी बाढ़ प्रबंधन ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर हरेकृष्ण जेना, अजीत कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, अजित प्रताप सिंह, वी सरवनन, डॉ. अनिल सोमकुवर तथा प्रशांत कुमार सामल सहित परियोजना के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।