नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज गया जिला अतिथि गृह सभागार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर गया टाउन क्षेत्र में सरकारी भूमि चिन्हित करने तथा राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में सरकारी स्कूल, कॉलेज एवं अस्पताल जैसी जनोपयोगी संस्थाओं की स्थापना के लिए पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध होना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे सभी स्थलों की पहचान कर सूची तैयार की जाए जहां भविष्य में जनहित से जुड़ी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा सके।
समीक्षा के क्रम में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जिला पदाधिकारी गया एवं अपर समाहर्ता गया के सहयोग से वार्ड संख्या 45 में लगभग 2.5 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि अभी भी कई ऐसी भूमि हैं जिनसे संबंधित मामले न्यायालय में लंबित हैं, उनका शीघ्र निष्पादन कराया जाए।
उन्होंने नगर क्षेत्र के बाहर उपलब्ध सरकारी भूमि का विवरण तैयार करने तथा भूमिहीन परिवारों की पहचान कर उन्हें सरकारी भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र भूमिहीन परिवार लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में गया मां बागेश्वरी रेल ओवर ब्रिज निर्माण कार्य प्रारंभ होने के बाद प्रभावित भूमिहीन परिवारों की जमीन का म्यूटेशन कराने के लिए विशेष सर्वे कैंप लगाने पर भी चर्चा हुई। डॉ. प्रेम कुमार ने निर्देश दिया कि म्यूटेशन की प्रक्रिया एक साथ कैंप के माध्यम से पूरी की जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सामूहिक म्यूटेशन करने का अधिकार जिला अपर समाहर्ता को प्राप्त है।
इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र में वार्डवार कैंप लगाकर लगान वसूली की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शहर में उपलब्ध सरकारी भूमि की विस्तृत जानकारी संकलित करने पर भी चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को उत्तम नगर क्षेत्र में सरकारी भूमि की खोज करने तथा वार्ड संख्या 43 स्थित भैरव स्थान के ऊपर उपलब्ध सरकारी भूमि की जांच कराने का भी निर्देश दिया।
बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारीगण सहित जिला प्रशासन के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।