38 पदों को मिली मंजूरी, हर वर्ष मिलेंगे 2 करोड़ 11 लाख
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में औरंगाबाद जिले के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने नवीनगर के नवनिर्मित भवन में शीघ्र औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) को चालू करने की मंजूरी दे दी है जिससे क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा।
मंत्रिमंडल की स्वीकृति के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 से नवीनगर आईटीआई में पांच विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। संस्थान के संचालन के लिए 38 नए पदों का सृजन किया गया है जबकि इसके संचालन एवं रखरखाव पर प्रतिवर्ष 2.11 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि भारतीय रेल बिजली कम्पनी लिमिटेड द्वारा निर्मित भवन और अन्य आधारभूत सुविधाएं राज्य सरकार को निःशुल्क हस्तांतरित की जाएंगी। इससे सरकार को अतिरिक्त निर्माण व्यय नहीं करना पड़ेगा और संस्थान को जल्द शुरू करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
सरकार का मानना है कि नबीनगर में आईटीआई चालू होने से औरंगाबाद तथा आसपास के जिलों के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होंगे।
विशेषज्ञों के अनुसार, नबीनगर औद्योगिक क्षेत्र और ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार को देखते हुए यह संस्थान क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का द्वार खोल सकता है। इससे न केवल स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा बल्कि निजी एवं सरकारी क्षेत्रों में रोजगार पाने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।