नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से मुलाकात कर उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद ने उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना की वर्तमान स्थिति एवं निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने, कुटकु डैम में जल्द गेट लगाने तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
सुशील कुमार सिंह ने कहा कि उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना क्षेत्र के लाखों किसानों की जीवनरेखा है। परियोजना के पूर्ण होने से कई जिलों के किसानों को सिंचाई की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी।
उन्होंने विशेष रूप से कुटकु डैम में गेट लगाने के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का अनुरोध किया। साथ ही परियोजना के अन्य शेष कार्यों को भी तेजी से पूरा कराने की मांग की।
केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल ने पूर्व सांसद द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और परियोजना की प्रगति की जानकारी साझा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना को शीघ्र पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे ताकि कार्य में और तेजी लाई जा सके।
बैठक के दौरान परियोजना से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा हुई। पूर्व सांसद ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी तथा किसानों की आय बढ़ाने में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चल रही विकास एवं सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना का शीघ्र पूर्ण होना क्षेत्र के किसानों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा।