नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर के बाईपास स्थित मुन्ना डीजल के समीप शुक्रवार को एक कबाड़ की दुकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
आग लगते ही दुकान से धुआं और तेज लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों और प्रतिष्ठानों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया।
हालांकि आग की चपेट में आने से कबाड़ की दुकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे दुकानदार को आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल प्रशासन और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों एवं हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं।