नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कोंच (गया)। गया–गोह मुख्य मार्ग पर कोंच थाना क्षेत्र के मंजाठी मोड़ के समीप बुधवार की रात करीब एक बजे नवबिहार टाइम्स का प्रेस वाहन एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में वाहन चालक समेत दो लोग घायल हो गए, जबकि प्रेस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घायलों की पहचान औरंगाबाद जिले के सोहलपुरा गांव निवासी अवधेश शर्मा के पुत्र राहुल कुमार (30) तथा कवई गांव निवासी सनोज राम के पुत्र मृतराज कुमार (16) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अभिनव चंद्र ने प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों के अनुसार राहुल कुमार के हाथ में गंभीर चोट लगी है, जबकि मृतराज कुमार के सिर में चोट आई है। दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल चालक राहुल कुमार ने बताया कि वह औरंगाबाद से नवबिहार टाइम्स के अखबार लेकर दाउदनगर, गोह, कोंच होते हुए पटना जा रहे थे। मंजाठी मोड़ के समीप अचानक एक ट्रक ने उनके वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक प्रेस वाहन को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नवबिहार टाइम्स के संपादक डॉ. कमल किशोर के निर्देश पर कोंच संवाददाता डी.के. यादव एवं रफीगंज संवाददाता संदीप कुमार अपने निजी वाहन से गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। इसके बाद दोनों घटनास्थल पर पहुंचे, जहां क्षतिग्रस्त प्रेस वाहन को सड़क से हटाकर किनारे कराया गया, ताकि यातायात सामान्य रूप से संचालित हो सके।
घटना की सूचना कोंच थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।