गयाजी के समग्र विकास एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर अध्यक्ष बिहार विधानसभा ने की समीक्षा बैठक
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को गया जिला समाहरणालय में जिला पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर गयाजी एवं बोधगया से जुड़े विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित के मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गया की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में डॉ. प्रेम कुमार ने गया नगर निगम क्षेत्र के लगभग 34 हजार घरों में गंगाजल आपूर्ति योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष घरों तक शीघ्र जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने फल्गु नदी में सीवरेज सिस्टम के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की और इसे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर बल दिया, ताकि फल्गु नदी को प्रदूषणमुक्त बनाया जा सके तथा स्वच्छ पर्यावरण का लक्ष्य प्राप्त हो।
बैठक में गांधी मैदान से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. प्रेम कुमार ने मैदान में बेसहारा पशुओं के प्रवेश, गुलगुलिया समुदाय के अस्थायी निवास, डंपिंग प्वाइंट की समस्या, होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति सहित अन्य व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने को कहा है। उन्होंने कहा कि गांधी मैदान शहर की पहचान है और इसे स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने गया एवं बोधगया कॉरिडोर परियोजना, गया सैटलाइट टाउनशिप, तथा मानपुर बस स्टैंड के स्थानांतरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर में यातायात व्यवस्था, पर्यटन तथा शहरी विकास को नई गति मिलेगी।
डॉ. प्रेम कुमार ने पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के अंतर्गत बाछी (मादा बछड़ों) के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी योजना संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पशुधन संरक्षण किसानों की आर्थिक समृद्धि से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
बैठक में राज्य सरकार के अधीन मठ एवं मंदिरों की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में चल रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि धार्मिक संस्थानों की भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमानुसार प्रभावी ढंग से की जाए।
उन्होंने बोधगया आने वाले देशी एवं विदेशी पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, यातायात, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सूचना केंद्र एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाए, जिससे पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव प्राप्त हो।
बैठक में गया जिले में सुखाड़ की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डॉ. प्रेम कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं तथा जल संरक्षण एवं सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
इसके अतिरिक्त उन्होंने एनएच-82, एनएच-83 तथा राज्य उच्च पथों के किनारे व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा जलवायु संतुलन के लिए सड़क किनारे अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं और उनके संरक्षण की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गयाजी के समग्र विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन संवर्धन एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से गया को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित, आधुनिक एवं विश्वस्तरीय धार्मिक-पर्यटन नगर के रूप में विकसित किया जाएगा।