नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पालीगंज (पटना)। पालीगंज पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यूरिया एवं नैनो यूरिया खाद की बोरियों के बीच छिपाकर लाई जा रही 863.1 लीटर अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने कंटेनर ट्रक को जब्त करते हुए उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि शराब की यह खेप चंडीगढ़ से पटना के जीरो माइल लाई जा रही थी।
पालीगंज-1 के एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह ने बताया कि वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना मिली कि अरवल मोड़ के समीप एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही ट्रक के पास मौजूद दो व्यक्ति भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान कंटेनर में रखी यूरिया एवं नैनो यूरिया खाद की बोरियों के बीच करीब 50 कार्टन में छिपाकर रखी गई 863.1 लीटर ‘ऑफ सीजन’ ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ कंटेनर ट्रक तथा आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के कुदरकी थाना क्षेत्र के कामलपुर गांव निवासी दानिश आलम (25 वर्ष), पिता मोहम्मद शालिम तथा उस्मान पासा, पिता आसिफ के रूप में हुई है।
एसडीपीओ ने बताया कि इस संबंध में पालीगंज थाना कांड संख्या 381/26 दर्ज कर कंटेनर को जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब्त मोबाइल फोन एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे शराब तस्करी नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेप का मुख्य सरगना कौन है तथा बिहार में शराब किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष संतोष कुमार, एसआई सह थानाध्यक्ष दीपक कुमार, एएसआई विद्यानंद यादव, सुधीर कुमार, मुकेश कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।