10 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने घर-दुकान में घुसकर करीब 40 मिनट तक मचाया उत्पात, 200 ग्राम सोने के आभूषण व नकदी लेकर फरार
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। भगवानगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हथियारबंद नकाबपोश डकैतों ने एक आभूषण व्यवसायी के घर एवं दुकान में घुसकर भीषण डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश करीब 200 ग्राम सोने के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान लगभग 40 लाख रुपये का हुआ है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित व्यवसायी दीपक सोनी, पिता इंदु सोनी, ने बताया कि देर रात लगभग 10 की संख्या में आए हथियारबंद बदमाश घर के पीछे से सीढ़ी लगाकर अंदर घुसे। बदमाशों ने पहले ताला तोड़ा और फिर हथियार के बल पर घर में मौजूद सभी लोगों को बंधक बना लिया। उस समय घर में दीपक सोनी, उनकी पत्नी, मां और बच्चे मौजूद थे।
पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने करीब 40 से 50 मिनट तक घर और उसी परिसर में संचालित ‘चांदनी अलंकार’ आभूषण दुकान में जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने अलमारियां और लॉकर खंगाले तथा सोने के आभूषण और नकदी समेटकर फरार हो गए। घर और दुकान एक ही परिसर में होने के कारण बदमाशों ने दोनों जगहों पर आसानी से वारदात को अंजाम दिया।
दीपक सोनी ने बताया कि उन्होंने करीब पांच वर्ष पहले चांदनी अलंकार नाम से यह दुकान शुरू की थी। भगवानगंज बाजार में उनकी एक अन्य आभूषण दुकान भी संचालित है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी पूर्वी एसपी शैलजा, एसडीपीओ राघव दयाल, मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती तथा भगवानगंज थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से विस्तृत जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2016 के बाद भगवानगंज क्षेत्र में यह दूसरी सबसे बड़ी डकैती की घटना है। इस वारदात के बाद भगवानगंज बाजार के स्वर्ण व्यवसायियों और व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।