नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। रथ मेला स्थल पर कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित जगन्नाथ महोत्सव में प्रसिद्ध गायिका डॉ. मृणालिनी अखौरी ने अपनी मधुर एवं मनमोहक प्रस्तुति से श्रोताओं का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने अपनी धुन में तैयार किए गए तथा संजय ठाकुर द्वारा लिखित भजन “शाम सुबह नाम भजो, जय हो जगन्नाथ” से की, जिसे भगवान जगन्नाथ के चरणों में समर्पित किया गया। भक्ति रस से सराबोर इस प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इसके बाद डॉ. अखौरी ने श्रोताओं की पसंदीदा गजल “मेरे रश्क-ए-कमर” प्रस्तुत की। उनकी भावपूर्ण गायकी और सधी हुई प्रस्तुति पर उपस्थित दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं और उनकी सराहना की।
इस अवसर पर तबला पर संजीव पाठक, ऑर्गन पर प्रिंस राज तथा ऑक्टोपैड पर सूदन कुमार ने उत्कृष्ट संगत कर कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से पद्मश्री मधु मंसूरी एवं पद्मश्री महावीर नायक के करकमलों से डॉ. मृणालिनी अखौरी को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महोत्सव में अन्य कलाकारों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधा। असुर कुमार एवं सुलोचना देवी ने एक से बढ़कर एक नागपुरी और मुंडारी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं दीप्ति कुमारी एवं मनीष पाठक ने सर्वधर्म प्रार्थना और कृष्ण भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग प्रदान किया।
जगन्नाथ महोत्सव में कला, संस्कृति और भक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला। विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक मंत्रमुग्ध बनाए रखा।